रविवार, 27 फ़रवरी 2011

एक तन्हा शहर..

भीड़ इतनी कि इस शहर में हर कन्धा ज़ख़्मी मिलेगा तुझे,
फिर भी दिल पसीजे ऐसा कोई दर्द नहीं।
सैकड़ों की भीड़ में सैकड़ों ही तन्हा हैं।
शब भर चाँद भी तन्हा डोलता है यहाँ।
उफक समेटता है रात की चादर,
दे के एक और बोझल दिन।

किसी एक के जाने से शहर कितना तन्हा हो जाता है,
है ना....

शनिवार, 19 फ़रवरी 2011

मुस्कुरा देता हूँ जब-जब, हार कर जाता हूँ मैं.

आज कल कुछ जंग सी है, मेरी मुझसे रात-दिन,
मुस्कुरा देता हूँ जब-जब, हार कर जाता हूँ मैं।

दिल के दरिया में भी अब, पानी बहुत है कम बचा,
डूबकर रहना तो चाहूँ, ... पार कर जाता हूँ मैं।

अब तो कस्बों में भी बातें,हैं सियासत कि भरी,
कुछ पुराने दोस्तों से, यार डर जाता हूँ मैं।

दिल जो हो मेरे मुखालिफ , तो मुझे कोई फ़िक्र क्या,
उसकी शरीके- रहजनी से, हर बार मर जाता हूँ मैं।

ये मेरी सोहबत नहीं..

मैं तुम्हें अब भूल जाऊँ ,ये मेरी फितरत नहीं।
तू मुझे पर याद रक्खे, ये तेरी आदत नहीं।

हमसफ़र हो सकता हूँ मैं, दर्देगम की राह में,
मुश्किलों में रहनुमा हो, ये मेरी सोहबत नहीं।

पहले थे हम मोहतरम, अब "तू" का उन्वा हो गए,
आइना भी बोल उट्ठा, कुछ बची शोहरत नहीं।

जब तुम्हें समझा सकूँ, अरसे से हूँ मैं मुन्तजिर,
उससे पहले टूट जाऊँ, इतनी कम उल्फत नहीं।

शुक्रवार, 18 फ़रवरी 2011

गीला सा चाँद

एक रात यूँ ही , जब देख रहा था मैं चाँद,
आवाज़ सुनी मैंने रोने की
देखा एक फूल सा बच्चा रो रहा था।
पूछा जब मैंने, तो असहाय गुस्से से, उसने कहा-

" झूठ कहते हैं सब, पापा भी,

कि मर गयी मेरी माँ।
अभी अभी तो देखा है मैंने उसे, चाँद में,
आप बोलो, आपने भी तो देखा था न, अभी-अभी। "

मैं हिम्मत नहीं जुटा सका , सच कहने की।
और तब तक, पिछली सारी बातों से बेखबर,
वो देखने लगा था, फिर चाँद को।

उभर आया था उसकी पनियाई आँखों में,
फिर एक गीला सा चाँद।

An old poem, written around 2002. Found my treasure diary, few days back :-)

रविवार, 23 जनवरी 2011

अथर्व, तुम्हारे लिए


जुड़ना एक नाम का, शरीर से
कोई छोटी घटना नहीं।
किसी नोवेल का प्लाट है ये,
या किसी ग़ज़ल का पहला हर्फ़।

आज एक नाम देकर तुम्हें, खुश हो जायेंगे सब।
पर तुम... तुम्हें तो शायद पता भी नहीं होगा
कि एक नाम के साथ, मेरे सपनो का बोझ भी,
ता-उम्र चलेगा तुम्हारे साथ।

कुछ ख्वाब अधबुने से दूंगा तुम्हें, विरासत में,
और उसी बोझ तले बड़े होगे तुम।
मैं खुश होता देखता रहूँगा तुम्हें, दबते उस बोझ तले।
और एक दिन, इन्ही पन्नो पे लिखोगे तुम
अपने अधबुने ख्वाबों की कहानी।

जानता हूँ, पर क्या करूँ
एक अजीब, सदियों पुरानी परंपरा है ये विरासत।